वेद प्रचार सप्ताह एवं चतुर्वेदशतकम्-परायणयज्ञ का भव्य समापन।
Event Start Date : 26/08/2026 Event End Date 26/08/2026
डी.ए.वी. मॉडल स्कूल, सेक्टर-15-ए, चण्डीगढ़ द्वारा
वेद प्रचार सप्ताह एवं चतुर्वेदशतकम्-परायणयज्ञ का भव्य समापन।
पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी जी की प्रेरणा एवं स्नेहिल आशीर्वाद तथा डी.ए.वी. मॉडल स्कूल, सेक्टर-15-ए, चण्डीगढ़ की प्राचार्या श्रीमती अनुजा शर्मा जी के मार्गदर्शन में आर्य युवा समाज द्वारा आयोजित सात दिवसीय वेद प्रचार सप्ताह एवं चतुर्वेदशतकम्-परायणयज्ञ 20 से 26 अगस्त 2026 तक आर्य समाज, सेक्टर-16-डी, चण्डीगढ़ में श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ।
आयोजन के सातों दिवस विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों ने यज्ञीय कर्म में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रथम दिवस ऋग्वेद-शतकम्, द्वितीय दिवस यजुर्वेद-शतकम् तथा आगामी दिवसों में सामवेद-शतकम् एवं चतुर्वेदशतकम् के मंत्रों द्वारा आहुतियाँ प्रदान की गईं। विद्यार्थियों ने शुद्ध एवं सस्वर वेदमंत्रों का पाठ कर यज्ञस्थल को वैदिक ऊर्जा से भर दिया।
आचार्य रमेश शास्त्री जी एवं आचार्य दाऊदयाल शर्मा जी के कुशल ब्रह्मत्व में यज्ञीय कार्यक्रम सम्पन्न हुए। विभिन्न अवसरों पर वैदिक मंत्रों के सरलार्थ एवं भावार्थ, वेदोपदेश, भजन, ओ३म्-कीर्तन तथा आध्यात्मिक गीतों की प्रस्तुतियों ने सभी को वैदिक संस्कृति से जोड़ा।
26 अगस्त को आयोजित समापन समारोह में विद्यालय की मैनेजर श्रीमती स्वीन पुरी जी मुख्य अतिथि एवं यजमान के रूप में उपस्थित रहीं। प्राचार्या श्रीमती अनुजा शर्मा जी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शान्तिपाठ एवं ऋषि-प्रसाद वितरण के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।