वेद प्रचार सप्ताह एवं चतुर्वेदशतकम्-परायणयज्ञ का शुभारम्भ
Event Start Date : 20/08/2026 Event End Date 26/08/2026
वेद प्रचार सप्ताह एवं चतुर्वेदशतकम्-परायणयज्ञ का शुभारम्भ
आर्य रत्न, पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी जी—अध्यक्ष, आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा एवं डी.ए.वी. कॉलेज प्रबन्धकर्त्री सभा, नई दिल्ली—की प्रेरणा से देशभर के आर्य समाज संस्थानों एवं डी.ए.वी. शिक्षण संस्थानों में ‘वेद प्रचार सप्ताह एवं चतुर्वेदशतकम्-परायणयज्ञ’ आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी श्रृंखला में डी.ए.वी. मॉडल स्कूल, सेक्टर-15-ए, चण्डीगढ़ की प्राचार्या श्रीमती अनुजा शर्मा जी की सुव्यवस्था एवं मार्गदर्शन में, आर्य युवा समाज के तत्त्वावधान में दिनांक 20 अगस्त 2026 से 26 अगस्त 2026 तक आर्य समाज, सेक्टर-16-डी, चण्डीगढ़ में ‘वेद प्रचार सप्ताह एवं चतुर्वेदशतकम्-परायणयज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस सात दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन निर्धारित कक्षा के विद्यार्थी, कक्षा-इंचार्ज एवं अभिभावकगण यज्ञीय कर्म में श्रद्धापूर्वक सम्मिलित हो रहे हैं तथा वैदिक ज्ञान पर आधारित भजनों, वैदिक मंत्रों एवं प्रेरणादायी उपदेशों के माध्यम से लाभान्वित हो रहे हैं।
प्रथम दिवस — 20 अगस्त 2026
आयोजन के प्रथम दिवस दिनांक 20 अगस्त 2026 को कक्षा पञ्चमी ‘ए’ के विद्यार्थियों के साथ यज्ञीय कर्म का शुभारम्भ हुआ। इस अवसर पर कक्षा पञ्चमी ‘ए’ के विद्यार्थियों के अभिभावकगण यजमान के रूप में उपस्थित होकर यज्ञीय कर्म में सहभागी बने।
आचार्य रमेश शास्त्री जी के ब्रह्मत्व में शुद्ध वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ ऋग्वेद-शतकम् के मंत्रों द्वारा विशेष आहुतियाँ प्रदान की गईं। कक्षा पञ्चमी एवं षष्ठी के यज्ञशील विद्यार्थियों ने स्वयं उद्गाता के रूप में वेदमंत्रों का शुद्ध एवं मधुर उच्चारण कर यज्ञस्थल के वातावरण को आध्यात्मिक आनंद एवं वैदिक ऊर्जा से भर दिया।
यज्ञ के समापन अवसर पर उपस्थित अभिभावकगण ने सभी विद्यार्थियों को इस पावन एवं मंगलमय कार्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया तथा आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों एवं सहयोगियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
अंत में शान्ति-पाठ एवं प्रसाद-वितरण के साथ प्रथम दिवस का यज्ञीय कार्यक्रम श्रद्धा, उल्लास एवं मंगलभाव के साथ सम्पन्न हुआ।